उज्जैन में छात्र के साथ अमानवीय मारपीट का मामला, ट्रस्ट ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
उज्जैन (म.प्र.), दिनांक 22 मार्च 2026।
हाल ही में प्रकाशित समाचार के अनुसार महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान के अंतर्गत संचालित वेद विद्यालय में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे आमजन में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र को केवल इस कारण कठोर दंड दिया गया कि वह अन्य छात्र के बिस्तर पर सो गया था। यह कृत्य पूर्णतः अमानवीय है एवं बाल अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिला प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुनील सिंह यादव ने कहा कि:
“शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की क्रूरता अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। बच्चों के साथ इस प्रकार का अमानवीय व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषी शिक्षक के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित छात्र को न्याय दिलाया जाए।”
ट्रस्ट के शिवम तिवारी, कृष्णा यादव, डॉ. प्रेम कुमार वैद्य, रामवेश सिंह राजावत, युवराज सिंह राठौर, मनीष गुप्ता, जीवनलाल जैन (चाय वाले)ने इस घटना की घोर निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि:
“ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं। शिक्षा संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है।”
Leave a Reply